fbpx

2006-07 में बीसीसीआई ने खिलाड़ियों को, उनके प्रदर्शन के सम्मान के तौर पर, सालाना अवार्ड देने का सिलसिला शुरू किया था। कोविड और अन्य मुद्दों के चलते बीसीसीआई अवार्ड 2019 के बाद से आयोजित नहीं हो पा रहे थे- इसीलिए 2024 में, पिछले 4 साल के अवार्ड एक साथ दिए गए। प्रोग्राम हैदराबाद में टेस्ट के दौरान था और न सिर्फ भारतीय, इंग्लिश टीम की भी मौजूदगी से बड़ा आकर्षक बन गया- महिला टीम भी थी वहां।

साथ में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड भी देते हैं- पुरानी हस्तियों को उनके भारतीय क्रिकेट में योगदान के लिए। ये 1994 में ही शुरू हो गए थे। सीके नायडू के नाम पर शुरू इस लाइफ टाइम अवार्ड को पाने वाले पहले खिलाड़ी लाला अमरनाथ थे- 1994 में। के.एन. प्रभु जर्नलिस्ट थे- उन्हें अवार्ड मिला। राजिंदर गोयल, पद्माकर शिवालकर, और बी.बी. निंबालकर टेस्ट क्रिकेटर नहीं हैं- उन्हें भी सम्मानित किया है। इस बार हालांकि 4 साल के अवार्ड दिए पर ये अवार्ड दो को ही दिया- रवि शास्त्री और फारुख इंजीनियर को। फारूख अवार्ड लेने ख़ास तौर पर इंग्लैंड से आए थे।

एक ख़ास बात ये कि किसी महिला क्रिकेटर को इस बार ये अवार्ड नहीं दिया हालांकि साल बचे थे और डायना एडुल्जी अवार्ड के लिए सेलेक्शन के बाद वेटिंग में हैं- जब वे, भारत में क्रिकेट को चलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई सीओए की मेम्बर थीं तो उन्हें चुन लिया था पर कनफ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट के आरोप से बचने के लिए उन्होंने अवार्ड नहीं लिया था। अब सीओए नहीं है। 

जिन्हें अवार्ड मिला- उसकी लिस्ट तो कहीं भी मिल जाएगी पर जिस एक अवार्ड पर सबसे ज्यादा नजर रहती है, वह है पॉली उमरीगर  इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर का- पुरुष खिलाड़ियों में ये मोहम्मद शमी (2019-20), रविचंद्रन अश्विन (2020-21), जसप्रीत  बुमराह (2021-22) और शुभमन गिल (2022-23) को मिला- एक ऐसे समय में जबकि शुभमन की ख़राब फार्म और उन्हें टीम से निकालने की चर्चा चल रही थी, उन्हें ये अवार्ड मिलना बड़ा अजीब सा लगा। महिला टीम से दो खिलाड़ी ही 4 साल के अवार्ड ले गईं- दीप्ति शर्मा (2019-20 और 2022-23) तथा स्मृति मंधाना (2020-21 और 2021-22)।

जिन्हें अवार्ड मिलता है- उनके प्रदर्शन/योगदान का मूल्यांकन बीसीसीआई के ऑफिस में ही किया जाता है और ऐसे में कुछ अवार्ड के लिए उनकी पसंद से मतभेद कोई हैरानी की बात नहीं। खैर ये पूरी तरह से ‘बीसीसीआई शो’ है और इसलिए उनकी पसंद को चुनौती देने का कोई सवाल ही नहीं रह जाता। 
फिर भी कुछ बातें बड़ी अजीब हैं। ये बात समझ से बाहर है कि प्रोग्राम से पहले, अवार्ड विजेताओं की लिस्ट घोषित क्यों नहीं होती? उससे जो प्रोग्राम में नहीं हैं- वे भी, इससे जुड़ा सा महसूस करेंगे और बीसीसीआई की खिलाड़ियों को सम्मानित करने की कोशिश की तारीफ ही करेंगे। जिन्हें इस बार अवार्ड मिले- वे खुद नहीं जानते थे इस बारे में- हां बीसीसीआई की तरफ से ये कोशिश जरूर होती है कि अवार्ड लेने वाले खुद प्रोग्राम में मौजूद हों। लिस्ट को रहस्य सा बनाना क्यों जरूरी है?

इसी तरह, इस प्रोग्राम के लिए मीडिया को न बुलाना समझ नहीं आता- इसीलिए मीडिया में इन अवार्ड को वह चर्चा नहीं मिली जो मिल सकती थी। यहां तक कि हैदराबाद टेस्ट कवर कर रहे मीडिया को भी लिस्ट में शामिल नहीं किया।

इसके उलट इस बार एक तारीफ़ की बात ये रही कि ज्यादातर अवार्ड देने के लिए पुराने खिलाड़ी स्टेज पर बुलाए गए- आम तौर पर बीसीसीआई की इस पार्टी में उनके अधिकारी ही छाए रहते हैं।

लिस्ट उन अवार्ड की जो दिए गए :

  • कर्नल सी.के. नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड : फारुख इंजीनियर, रवि शास्त्री
  • पॉली उमरीगर अवार्ड (सर्वश्रेष्ठ इंटरनेशनल क्रिकेटर- पुरुष) : मोहम्मद शमी (2019-20), रविचंद्रन अश्विन (2020-21), जसप्रीत बुमराह (2021-22), शुभमन गिल (2022-23)
  • सर्वश्रेष्ठ इंटरनेशनल क्रिकेटर- महिला : दीप्ति शर्मा (2019-20, 2022-23), स्मृति मंधाना (2020-21, 2021-22)
  • सर्वश्रेष्ठ इंटरनेशनल डेब्यू (पुरुष) : मयंक अग्रवाल (2019-20), अक्षर पटेल (2020-21), श्रेयस अय्यर (2021-22), यशस्वी जायसवाल (2022-23)
  • सर्वश्रेष्ठ इंटरनेशनल डेब्यू (महिला) : प्रिया पुनिया (2019-20), शेफाली वर्मा (2020-21), सब्बीनेनी मेघना (2021-22), अमनजोत कौर (2022-23)
  • दिलीप सरदेसाई अवार्ड (टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन) : यशस्वी जायसवाल (2022-23)
  • दिलीप सरदेसाई अवार्ड (टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट) : रविचंद्रन अश्विन (2022-23)
  • वनडे में सबसे ज्यादा रन (महिला) : पुनम राउत (2019-20), मिताली राज (2020-21), हरमनप्रीत कौर (2021-22), जेमिमा रोड्रिग्स (2022-23)
  • वनडे में सबसे ज्यादा विकेट (महिला) : पूनम यादव (2019-20), झूलन गोस्वामी (2020-21), राजेश्वरी गायकवाड़ (2021-22), देविका वैद्य (2022-23)
  • घरेलू क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ अंपायर: ए पद्मनाभन (2019-20), वृंदा राठी (2020-21), जयारमन मदन गोपाल (2021-22), रोहन पंडित (2022-23)
  • बीसीसीआई घरेलू क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन: मुंबई (2019-20), मध्य प्रदेश (2021-22), सौराष्ट्र (2022-23)
  • लाला अमरनाथ अवार्ड (रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर) : एमबी मुरासिंघ (2019-20), शम्स मुलानी (2021-22), सारांश जैन (2022-23)
  • लाला अमरनाथ अवार्ड (घरेलू लिमिटेड ओवर क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर) : बाबा अपराजित (2019-20), ऋषि धवन (2020-21, 2021-22), रियान पराग (2022-23)
  • माधवराव सिंधिया अवार्ड (रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन) : राहुल दलाल (2019-20), सरफराज खान (2021-22), मयंक अग्रवाल (2022-23)
  • माधवराव सिंधिया अवार्ड (रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट) : जयदेव उनादकट (2019-20), शम्स मुलानी (2021-22), जलज सक्सेना (2022-23)
  • एम.ए.चिदंबरम ट्रॉफी- अंडर-19 कूच बेहार ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन : पी के पिल्लेवार (2019-20), मयंक शांडिल्य (2021-22), दानिश मालेवार (2022-23)
  • एम.ए.चिदंबरम ट्रॉफी- अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में सबसे ज्यादा विकेट : हर्ष दुबे (2019-20), एआर निशाद (2021-22), मानव चोथानी (2022-23)
  • जगमोहन डालमिया ट्रॉफी- सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर सीनियर घरेलू : सई पुरंदरे (2019-20), इंद्राणी रॉय (2020-21), कनिका आहूजा (2021-22), नबाम यापु (2022-23)
  • जगमोहन डालमिया ट्रॉफी- सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर जूनियर घरेलू: काशवी गौतम (2019-20), सौम्या तिवारी (2021-22), वैष्णवी शर्मा (2022-23)

चरनपाल सिंह सोबती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *