fbpx

इस रिपोर्ट के लिखने तक आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस ने एक ही मैच खेला है- 2 अप्रैल को आरसीबी के विरुद्ध और उस में 8 विकेट से हार से मिली। हार से पहले ही, मुंबई की मुश्किल का संकेत मिल गया था। 6 ओवर बाद उन का स्कोर 29-3 था और इस खराब स्कोर के लिए बहुत कुछ कप्तान रोहित शर्मा भी जिम्मेदार थे। जिसे टी20 के सबसे बेहतर बल्लेबाज में से एक गिनते हैं (इस मैच को मिलाकर रिकॉर्ड : 408 टी20 मैच में 10704 रन 133.39 स्ट्राइक रेट से)- वह रोहित शर्मा 10 गेंद में 1 रन बनाए तो बाकी के बल्लेबाज किस प्रेरणा से खेलेंगे? नोट कीजिए रोहित शर्मा का 10.00 स्ट्राइक रेट और ये आईपीएल में एक कप्तान की (जब कम से कम 10 गेंद खेली हों) सबसे घटिया स्ट्राइक रेट वाली पारी है। वे कप्तान- जिन्हें बल्लेबाज गिनते हैं और बल्लेबाजी क्रम में नंबर 1 से 7 के बीच खेलें। है न हैरानी की बात!

मजेदार बात ये कि आईपीएल में कप्तान की ऐसी 5 सबसे खराब पारी की लिस्ट बनाएं तो टॉप 3 सबसे खराब पारी रोहित शर्मा ने खेली हैं। नंबर 1 पर ये 10.00 स्ट्राइक रेट (10 गेंद में 1 रन)- मुंबई इंडियंस-आरसीबी, बेंगलुरु, 2 अप्रैल 2023 (मुंबई की हार)। नंबर 2 है 15.38 स्ट्राइक रेट (13 गेंद में 2 रन)- मुंबई इंडियंस-दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई, 21 मई 2022 (मुंबई की जीत)। इसमें जीत की 160 रन की चुनौती के सामने मुंबई का पहला विकेट 25 रन पर गिरा तो उसमें रोहित शर्मा के 2 रन थे। नंबर 3 है 25.00 स्ट्राइक रेट (12 गेंद में 3 रन)- मुंबई इंडियंस-केकेआर, पुणे, 6 अप्रैल 2022 (मुंबई की हार)। तब भी रोहित की खराब शुरुआत से मुंबई ने पहले 10 ओवर में सिर्फ 55 रन बनाए थे।

ये ठीक है कि ऐसी टॉप 5 कप्तान की धीमी पारी में नंबर 4 पर 30.00 स्ट्राइक रेट (10 गेंद में 3 रन) से विराट कोहली भी हैं- आरसीबी-हैदराबाद, हैदराबाद, 31 मार्च 2019 (आरसीबी की 118 रन की बड़ी हार) जिसमें हैदराबाद के दो शतक की बदौलत 231-2 के बड़े स्कोर के जवाब में मेहमान टीम ऐसे दबाव में खेली कि 7 वें ओवर में जब विराट आउट हुए तो स्कोर 30-4 था और टीम ने 19.5 ओवर में सिर्फ 113 रन ही बनाए। नंबर 5 पर 30.77 स्ट्राइक रेट (13 गेंद में 4 रन) गौतम गंभीर के नाम- दिल्ली-पंजाब, दिल्ली, 23 अप्रैल 2018 (दिल्ली की हार) और जीत के 144 रन के लक्ष्य के सामने जब 6वें ओवर में 42-3 पर ओपनर गौतम गंभीर आउट हुए तो इसमें सिर्फ 4 रन बनाए थे।

किसी बल्लेबाज का, किसी दिन दब कर खेलना, कोई हैरानी की बात नहीं पर रोहित शर्मा के लिए तो ये सिलसिला लंबा ही होता जा रहा है। 2017 में रोहित ने राजकोट में 13 गेंद में 5 और 2021 में अबू धाबी में 12 गेंद में 5 रन बनाए थे- ये ऐसी टॉप 10 पारी में हैं क्रमशः 38.46 और 41.67 के धीमे स्ट्राइक रेट के साथ। इस रिकॉर्ड को देख कर ये पूछना तो बनता है कि रोहित शर्मा को क्या हो गया है? 

ख़ास तौर पर आईपीएल की ही बात करें तो मुंबई इंडियंस के कैबिनेट में तब एक भी आईपीएल ट्रॉफी नहीं थी जब रोहित शर्मा ने आखिरी बार आईपीएल सीजन में 500 रन बनाए थे। ये 2013 का सीजन था- वही सीजन, जब चुने कप्तान रिकी पोंटिंग ने सीजन के बीच कप्तानी छोड़ी और रोहित नए कप्तान बने। तब से किसी सीजन में रोहित ने 500 रन नहीं बनाए। टीम चूंकि जीतने लगी- इसलिए ये रिकॉर्ड छिप गया।

आज वे सर्वकालिक महान भारतीय बल्लेबाज में गिने जाते हैं पर क्या ये प्रतिष्ठा आईपीएल सफर पर फिट बैठती है? 5 अप्रैल 2023 के मैचों तक, आईपीएल में 5880 रन- टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन की लिस्ट में नंबर 4 (सिर्फ विराट कोहली, शिखर धवन और डेविड वार्नर उनसे आगे) लेकिन 129.62 स्ट्राइक रेट और 30.15 औसत। आईपीएल में 5000+ रन बनाने वाले 7  बल्लेबाजों में रोहित का औसत सबसे खराब और स्ट्राइक रेट सबसे खराब में तीसरे नंबर पर। पिछले 6 सीजन में से सिर्फ 2019 में 400+ रन बनाए, हर साल औसत 30 से नीचे और सिर्फ 2018 में 130+ स्ट्राइक रेट। फिर से बात वही- टाइटल की चमक में ये रिकॉर्ड पीछे रह गए।

रोहित तो ओपनर हैं- इस नाते लंबी पारी खेलने का मौका और जिम्मेदारी भी ज्यादा। उनकी बदौलत टीम पावरप्ले का सही फायदा उठाने में नाकामयाब। तो विकल्प क्या हैं- क्या कप्तानी का भार उन पर हावी हो रहा है? मुंबई कैंप में तो दबी आवाज में रोहित को ड्रॉप करने जैसी बात भी हुई। संयोग से मिसाल खुद मुंबई इंडियंस टीम में है- पोंटिंग ने ऐसा ही किया और इसका नतीजा टीम के लिए अच्छा रहा। खैर रोहित शर्मा एक बड़ा नाम हैं- खुद रोहित को फैसला करना होगा कि वे अपने आईपीएल करियर को आगे किस तरह से देख रहे हैं?

  • चरनपाल सिंह सोबती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *